Hot Posts

6/recent/ticker-posts

डिप्रेशन में तलाकशुदा बहन ने तोड़ा दम, भाई ने बाथरूम में कर दिया अंतिम संस्कार

 


धनबादः झारखंड के धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने न सिर्फ कानून व्यवस्था बल्कि समाज में बढ़ती संवेदनहीनता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक युवती की मौत के बाद पांच दिनों तक उसका शव घर में ही पड़ा रहा और अंततः उसके ही भाई ने बाथरूम में शव को जला दिया।

तलाकशुदा बेटी लंबे समय जूझ रही थी डिप्रेशन से

मामला गोविंदपुर थाना क्षेत्र के वास्तु विहार स्थित एक आवासीय कॉलोनी का है। जानकारी के अनुसार यह मकान सीआईएमएफआर (सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ माइनिंग एंड फ्यूल रिसर्च) के सेवानिवृत्त वैज्ञानिक संगीत कुमार का था, जिनका निधन वर्ष 2023 में हो चुका है। उनकी तलाकशुदा बेटी लिपिका कुमारी लंबे समय से अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रही थी और घर में अकेली रहती थी। धीरे-धीरे परिवार के अन्य सदस्य भी समाज से कटते चले गए और खुद को पूरी तरह अलग-थलग कर लिया।

8 अप्रैल को ही हो गई थी मौत

बताया जा रहा है कि 8 अप्रैल को लिपिका कुमारी की मौत हो गई। घर में मौजूद उनके भाई प्रणव राजवर्धन ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी, लेकिन पड़ोसियों ने उनकी बात पर विश्वास नहीं किया और कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। आरोप है कि घबराहट और असमंजस की स्थिति में भाई ने शव को घर के बाथरूम में कपड़े, रजाई और तकिए के साथ जला दिया।

बाथरूम से अधजले शव का अवशेष बरामद

इस घटना का खुलासा 12 अप्रैल को तब हुआ, जब घर से तेज दुर्गंध और जलने की बदबू आने लगी। आसपास के लोगों का रहना मुश्किल हो गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम से अधजले शव का अवशेष बरामद किए। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.

यह घटना समाज में बढ़ती दूरी, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही और पड़ोसियों की उदासीनता को उजागर करती है। यह एक बड़ा सवाल खड़ा करती है। क्या हम इतने संवेदनहीन हो चुके हैं कि किसी की मदद के लिए भी आगे नहीं आते?

Post a Comment

0 Comments