Hot Posts

6/recent/ticker-posts

चौपारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुहर्रम 2025 विवाद में फरार आरोपी असीम रजा गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

अपराध पर वार, कानून सबसे ऊपर, सच की धाक सबसे पहले

 कृष्णा कुमार कुशवाहा

चौपारण (हजारीबाग)। पुलिस ने पिछले साल मुहर्रम के बाद चयकला गांव में दो पक्षों के बीच हुए आपसी विवाद के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। चौपारण थाना कांड संख्या 163/25 के मुख्य अभियुक्त असीम रजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। चयकला गांव में वर्ष 2025 में मुहर्रम के बाद दो पक्षों में आपसी कहासुनी के बाद मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में चौपारण थाना में कांड संख्या 163/25 दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी असीम रजा पिता कलीमुद्दीन साह, निवासी ग्राम चयकला, थाना चौपारण, जिला हजारीबाग फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी।

चौपारण थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी असीम रजा गांव में ही छिपा हुआ है। पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम गठित कर सोमवार सुबह चयकला में छापेमारी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की गई और सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। 

प्रशासन का सख्त संदेश 

चौपारण पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुराने मामलों में फरार चल रहे सभी आरोपियों की सूची तैयार कर लगातार गिरफ्तारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर सभी लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन प्राथमिकता पर है।

स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना गिरफ्तारी के बाद चयकला समेत पूरे चौपारण क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस की तत्परता की चर्चा है। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर कार्रवाई से आपराधिक तत्वों में डर का माहौल बनेगा और क्षेत्र में शांति बनी रहेगी। यह गिरफ्तारी दर्शाती है कि प्रशासन पुराने मामलों को भी गंभीरता से ले रहा है। एक साल पुराने विवाद में कार्रवाई कर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून से बचकर कोई नहीं निकल सकता।

Post a Comment

0 Comments