Hot Posts

6/recent/ticker-posts

चौपारण सामुदायिक अस्पताल का बुरा हाल:

पल्स पोलियो टास्क फोर्स की बैठक में अधिकारी नदारद, जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी 

कृष्णा कुमार कुशवाहा 

चौपारण (हजारीबाग) : आगामी 28 जून से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन को लेकर मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौपारण में प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के लिए चिकित्सा प्रभारी, बीडीओ, सीडीपीओ, बीईईओ, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, प्रमुख, जिला परिषद सदस्य समेत स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मियों, एएनएम, सहिया एवं शिक्षकों को आमंत्रित किया गया था।

हालांकि, निर्धारित समय पर बैठक शुरू नहीं हो सकी। आरोप है कि बैठक में अधिकांश जिम्मेदार अधिकारी अनुपस्थित रहे। सभागार में केवल कुछ एएनएम और आंगनबाड़ी कर्मी ही मौजूद दिखीं, जबकि बैठक की अध्यक्षता और संचालन से जुड़े अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे।

इसको लेकर सांसद प्रतिनिधि मुकुंद साव एवं रामस्वरूप पासवान तथा विधायक प्रतिनिधि राजदेव यादव ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल संचालन के लिए जिम्मेदार विभाग यदि स्वयं गंभीर नहीं रहेगा तो अभियान की सफलता प्रभावित हो सकती है।

जनप्रतिनिधियों का कहना था कि पल्स पोलियो जैसे महत्वपूर्ण अभियान की तैयारी के लिए बुलाई गई बैठक में अधिकारियों की अनुपस्थिति गंभीर लापरवाही को दर्शाती है। बताया गया कि जनप्रतिनिधि करीब डेढ घंटे तक अधिकारियों का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई जिम्मेदार पदाधिकारी नहीं पहुंचा। इसके बाद उन्होंने नाराजगी जताते हुए बैठक स्थल छोड़ दिया।

जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौपारण लगातार विभिन्न कारणों से विवादों में बना हुआ है और इस तरह की घटनाएं जनहित से जुड़े कार्यक्रमों की गंभीरता पर सवाल खड़ा करती हैं।

Post a Comment

0 Comments