चौपारण (हजारीबाग) : प्रखंड के सामुदायिक अस्पताल में चल रहे विवादों और शिकायतों की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की एक टीम मंगलवार को सामुदायिक अस्पताल चौपारण पहुंची। टीम में डीएलओ डॉ. एस.के. राजन, मेडिकल ऑफिसर डॉ. राहुल कुमार, डिस्ट्रिक्ट डाटा मैनेजर दिवाकर अंबष्ट तथा मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशि जायसवाल शामिल थे। टीम ने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से जानकारी प्राप्त की।गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी उपायुक्त के निर्देश पर एसडीओ के नेतृत्व में एक जांच टीम अस्पताल पहुंची थी। उस दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. डी.एन. ठाकुर एवं पूर्व प्रभारी डॉ. फरहाना महफूज से कई बिंदुओं पर पूछताछ कर जानकारी ली गई थी।विवादों के बीच स्वास्थ्य सेवाओं पर नजर बताया जा रहा है कि डॉ. फरहाना महफूज का वेतन रोके जाने और उन पर लगाए गए कथित लापरवाही के आरोपों को लेकर विवाद अभी भी जारी है। इस बार जांच टीम ने अस्पताल कर्मियों को आवंटित सरकारी क्वार्टरों, उपकरणों की खरीद और उनसे जुड़े अभिलेखों का भी मिलान किया। जांच टीम ने कहा कि सभी तथ्यों का अध्ययन कर रिपोर्ट सिविल सर्जन को सौंपी जाएगी।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि कुछ चिकित्सकों की उपस्थिति और कार्यशैली को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। आरोप है कि कुछ चिकित्सक लंबे समय तक अनुपस्थित रहते हैं, फिर भी उन पर कार्रवाई नहीं होती, जबकि कुछ मामलों में सख्त रुख अपनाया जाता है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।अस्पताल में चल रहे विवादों और जांच के बीच आम लोगों की सबसे बड़ी चिंता स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर है। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि प्रशासनिक खींचतान से इलाज व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है और लोगों को उम्मीद है कि मामले का जल्द समाधान होगा तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

0 Comments