बासल थाना क्षेत्र में हुई वारदात, 24 घंटे के भीतर पुलिस ने किया खुलासा
भुरकुंडा : बासल थाना क्षेत्र में एक प्रेमी जोड़े का पीछा कर युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने तथा युवक की बाइक लूटने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।बासल थाना प्रभारी कैलाश कुमार ने बताया कि 10 जून की रात करीब 8:15 बजे एक युवक अपनी महिला मित्र के साथ भुरकुंडा से पतरातू की ओर जा रहा था। इसी दौरान दो युवक बाइक से उनका पीछा करने लगे। लपंगा चौक से मुरकुट्टी डैम की ओर मुड़ने के बाद आरोपी भी उनके पीछे पहुंच गए और सुनसान स्थान पर उन्हें रोक लिया।
आरोपियों ने युवक की स्प्लेंडर प्लस बाइक की चाबी निकाल ली तथा दोनों को डराने-धमकाने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने की नीयत से दबाव भी बनाया। इस दौरान उन्होंने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट नहीं उतारा और दोनों को भयभीत करने का प्रयास किया।मौका पाकर प्रेमी जोड़ा वहां से भाग निकला और अंधेरे का लाभ उठाते हुए आरोपियों की गिरफ्त से बच गया। इसके बाद आरोपी युवक की बाइक लेकर फरार हो गए। बाद में लूटी गई बाइक को जिंदल पार्किंग क्षेत्र के पीछे जंगल में छिपा दिया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद जयप्रकाश नगर, भुरकुंडा निवासी मनोज कुमार (38 वर्ष) तथा कुरसे बस्ती निवासी कृष्णा तुरी (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक, दो हेलमेट और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

0 Comments