डेबो पंचायत की घटना: आरोपियों ने कान की बाली भी छीनी, घायल मुनिया देवी का अस्पताल में इलाज जारी
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग): डेबो पंचायत की वार्ड संख्या 6 की सदस्य मुनिया देवी (43) के साथ गांव में आयोजित पंचायत के दौरान अमानवीय मारपीट की घटना सामने आई है। आरोपियों ने न केवल बाल पकड़कर जमीन पर पटका, बल्कि कुल्हाड़ी से सिर पर जानलेवा वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़िता ने चौपारण थाना में आवेदन देकर न्याय की मांग की है। प्राप्त आवेदन के अनुसार, 28 जून 2026 को सुबह लगभग 7:00 बजे मुनिया देवी को ग्राम कोरियाडीह स्थित सुवास यादव के घर के पास सामुदायिक चबूतरे पर पंचायत में बुलाया गया था। पंचायत में मुनिया देवी के साथ मसौमात पति स्व. सरयू यादव भी उपस्थित थीं। आरोप है कि पंचायत के दौरान ही हिरामन यादव पिता स्व. जगन्नाथ यादव और कौशिला देवी पति हिरामन यादव ने अचानक मुनिया देवी पर हमला कर दिया।मुनिया देवी ने आवेदन में बताया कि दोनों आरोपियों ने पहले उनके सिर के बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान हिरामन यादव ने उनका हाथ पकड़कर छेड़खानी का प्रयास किया।
विरोध करने पर हिरामन यादव घर से कुल्हाड़ी लेकर आया और जान से मारने की नीयत से सिर पर वार कर दिया। हमले में मुनिया देवी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।पीड़िता का आरोप है कि हिरामन यादव ने मारपीट के दौरान ही उनके कान में पहनी सोने की बाली भी छीन ली और जान से मारने की धमकी देता रहा। शोर सुनकर जब मुनिया देवी के पति बालकी यादव उन्हें बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।घटना के बाद घायल अवस्था में मुनिया देवी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। चौपारण थाना पुलिस ने पीड़िता का आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। थाना प्रभारी ने कहा कि दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।जनप्रतिनिधि के साथ हुई इस बर्बर घटना से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़िता को सुरक्षा देने की मांग की है।

0 Comments