कक्षा 10वीं एवं 12वीं के उत्तीर्ण मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण: प्रखंड अंतर्गत सुरेखा प्रकाश भाई पब्लिक स्कूल, बहेरा में कक्षा 10वीं 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए मोमेंटो, गोल्ड मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावकों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या रीना पांडेय द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने स्वागत भाषण में उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उनकी शानदार सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय के बच्चों की उपलब्धियां पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि आज इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें अत्यंत खुशी और गर्व का अनुभव हो रहा है।
कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा विद्यालय के शिक्षकों एवं प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए प्राचार्या के कर-कमलों द्वारा सम्मानित किया गया। सभी विद्यार्थियों ने गर्व के साथ अपने सम्मान को स्वीकार किया। अपने प्रेरणादायक संबोधन में प्राचार्या रीना पांडेय ने कहा कि यदि विद्यार्थी स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करके अनुशासन एवं नियमितता के साथ अध्ययन करें, तो 94 प्रतिशत ही नहीं, बल्कि 98 प्रतिशत या उससे भी अधिक अंक प्राप्त करना संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे हमेशा अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहें और पूरी लगन के साथ मेहनत करें।
उन्होंने विशेष रूप से आगामी वर्ष बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अगले वर्ष वे इसी मंच पर सम्मानित होते हुए दिखाई दें। उन्होंने कहा कि मुझे अत्यंत प्रसन्नता होगी यदि हमारे विद्यालय के अधिक से अधिक विद्यार्थी 94, 96, 97 और 98 प्रतिशत अंक प्राप्त करें। मैं प्रत्येक योग्य विद्यार्थी को खुशी-खुशी सम्मानित करूंगी, क्योंकि विद्यार्थियों की सफलता ही विद्यालय का सबसे बड़ा गौरव है। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम की सफलता में अमृता मैसी, अमित केसरी, ज्वाला सिंह, राकेश रंजन, शैलेन्द्र गुरु, आशीष पांडेय, शंकर सिंह, मोहम्मद वारिस, पूर्णिमा सिंह, पंकज कुमार, देवेंद्र साव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा। पूरा कार्यक्रम उत्साह, प्रेरणा और गौरव के वातावरण में संपन्न हुआ। सम्मानित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया तथा इस आयोजन को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक बताया।
0 Comments