Hot Posts

6/recent/ticker-posts

हजारीबाग में लघु-कुटीर उद्योगों को मिलेगी नई उड़ान, जुलाई-अगस्त में लगेगा आर्टिजंस मेला

DC हेमन्त सती की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक: हर ब्लॉक में 20 आर्टिजंस कार्ड का लक्ष्य, PM विश्वकर्मा योजना से जुड़ेंगे कारीगर | प्रशिक्षु IAS पूर्वा अग्रवाल बनीं नोडल अधिकारी

कृष्णा कुमार कुशवाहा

हजारीबाग:  उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में उद्योग विभाग, मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड तथा जनजागरण मंच के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्योग विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई तथा जिले में संचालित लघु एवं कुटीर उद्योगों की गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

PM विश्वकर्मा योजना पर जोर

बैठक के दौरान उपायुक्त ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की समीक्षा करते हुए योजना के अंतर्गत शामिल विभिन्न ट्रेड, उपलब्ध लाभों तथा ऋण प्राप्ति की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी पात्र कारीगरों का प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा आर्टिजंस कार्ड बनाने का निर्देश दिया।

साथ ही अगले माह तक विशेष अभियान चलाकर अधिकाधिक पात्र लाभुकों का पंजीकरण एवं बैंक ऋण स्वीकृत कराने की कार्ययोजना पर कार्य करने को कहा। उपायुक्त ने सभी ब्लॉक कोऑर्डिनेटर को एक माह के भीतर न्यूनतम 20 आर्टिजंस कार्ड तैयार कराने का निर्देश दिया। 

चौपारण में संचालित ऊनन मार्केट को प्रोत्साहित करने हेतु सहकारी समिति का गठन कर अध्यक्ष एवं सचिव का चयन करने तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।

आर्टिजंस मेले का आयोजन जिले के कारीगरों द्वारा निर्मित जूट उत्पाद, सोहराई कला, सिलाई-कढ़ाई, काष्ठ कला, बांस आधारित उत्पाद एवं अन्य हस्तशिल्प सामग्री के विपणन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आर्टिजंस मेले के आयोजन का निर्णय लिया गया। यह मेला 13 से 15 जुलाई 2026 तथा 05 से 07 अगस्त 2026 तक ओपन एम्फीथिएटर, झील परिसर, हजारीबाग में आयोजित किया जाएगा। मेले के माध्यम से कारीगरों को अपने उत्पादों एवं कलाकृतियों के प्रदर्शन तथा विपणन का अवसर प्राप्त होगा। साथ ही उत्पादकों एवं व्यापारियों के बीच समन्वय स्थापित कर हस्तशिल्प उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) को आवश्यकतानुसार सहयोग प्रदान करने की बात कही। उन्होंने कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) की स्थापना हेतु उपयुक्त एवं प्राथमिकता वाले स्थलों का चयन करने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के लिए बैंक प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पीएमएफएमई योजना के लंबित आवेदनों की स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए जिला स्तर पर प्रशिक्षु आईएएस पूर्वा अग्रवाल को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। सभी प्रखंड समन्वयकों को निर्देश दिया गया कि पूर्ण दस्तावेज वाले आवेदनों का बैंक से समन्वय स्थापित कर शीघ्र अनुमोदन सुनिश्चित करें। उपस्थित रहे बैठक में उपायुक्त हेमन्त सती के अलावा उप विकास आयुक्त रिया सिंह, प्रशिक्षु आईएएस पूर्वा अग्रवाल, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी), विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments