चौपारण (हजारीबाग): प्रखंड अंतर्गत चयकला पंचायत के ग्राम वैयखुर्द निवासी मो. अयाज़, पिता मो. आगाज़, जब भारतीय सेना का कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण कर पहली बार सैन्य वर्दी में अपने गांव लौटे, तो पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया। परिजनों और ग्रामवासियों ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और 'भारत माता की जय' के गगनभेदी नारों के साथ उनका ऐतिहासिक स्वागत किया।
रेलवे प्लेटफॉर्म पर ही उमड़ा जनसैलाब जैसे ही जवान अयाज़ रेलवे प्लेटफॉर्म पर उतरे, उनके माता-पिता व अन्य परिजनों ने दौड़कर उन्हें गले लगा लिया। बेटे को पहली बार सैन्य वर्दी में देख माता-पिता की आंखों से खुशी, गर्व और भावनाओं के आंसू छलक पड़े। यह दृश्य उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति को भावुक कर गया। प्लेटफॉर्म पर ही फूल-मालाओं से लादकर जवान का स्वागत किया गया। इस यादगार पल को कई लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया और जवान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
"परिवार की पहली सरकारी नौकरी, गांव का गौरव"
पिता मो. आगाज़ भावुक होकर बोले, "हमारे परिवार में यह पहली सरकारी नौकरी है। बेटे को देश सेवा की वर्दी में देखकर वर्षों की मेहनत और उम्मीदें सफल हो गईं। यह सिर्फ हमारे परिवार का नहीं, बल्कि पूरे चयकला गांव के लिए गर्व का क्षण है।"
मुखिया प्रतिनिधि ने दी बधाई
वहीं, मुखिया प्रतिनिधि मौलाना हेलाल अख्तर ने भारतीय सेना में चयन होने पर चयनित युवा मो. अयाज़ शाह को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "यह उपलब्धि कठोर परिश्रम, अनुशासन और देश सेवा के प्रति अटूट समर्पण का शानदार परिणाम है। वतन की रक्षा के इस गौरवपूर्ण सफर के लिए आपको और आपके पूरे परिवार को बहुत-बहुत बधाई।"
गांव में निकला विजय जुलूस
रेलवे स्टेशन से जवान को खुली गाड़ी में बैठाकर पूरे गांव में भ्रमण कराया गया। रास्ते भर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। युवाओं में सेना में जाने को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

0 Comments