महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर की भागीदारी, स्वैच्छिक रक्तदान कर दिया मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग) : प्रखंड के सामुदायिक अस्पताल चौपारण में शनिवार को उपायुक्त हजारीबाग की पहल पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब डेढ़ दर्जन लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने की इस मुहिम में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। विशेष बात यह रही कि महिलाओं ने भी आगे आकर रक्तदान किया और समाज को मानव सेवा का प्रेरणादायक संदेश दिया।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. डी.एन. ठाकुर ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म है। एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज के लिए नई जिंदगी की उम्मीद बन सकता है। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान से न केवल ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता बढ़ती है, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों की समय पर सहायता भी सुनिश्चित होती है।
शिविर में रक्तदान करने वालों में रणधीर कुमार राणा, दुर्गा पासवान, सुधीर कुमार, अरविंद कुमार, मनीष कुमार सिंह, राहुल कुमार, गुड्डन कुमार, आकाश कुमार, समीर रंजन, रितिक पटेल, सोनू कुमार, संध्या सिंह, रेखा देवी, संजीत कुमार, आकाश कुमार, गौतम कुमार सहित अन्य लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।वहीं चिकित्सा प्रभारी ने कहा कि चौपारण के लोगों ने सामाजिक सरोकार के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया है। उन्होंने युवाओं एवं आम नागरिकों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान से किसी प्रकार की शारीरिक कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है। शिविर के सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं अस्पताल कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।
0 Comments