डीएसपी ने प्रेस वार्ता में किया खुलासा, 8 हजार लीटर से अधिक शराब बरामद

 कृष्णा कुमार कुशवाहा 

बरकट्ठा (हजारीबाग): बरकट्ठा पुलिस द्वारा जब्त किए गए ट्रक से 935 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब बरामद होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शनिवार को बकरी डीएसपी राधा प्रेम किशोर ने बरकट्ठा थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया और कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी।डीएसपी ने बताया कि मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम झुरझुरी स्थित झारखंड होटल के समीप एक बारह चक्का ट्रक संख्या यूके 18 सीए 6133 लंबे समय से संदिग्ध स्थिति में खड़ा है और उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लदी हुई है। सूचना मिलने के बाद इसकी जानकारी हजारीबाग पुलिस अधीक्षक को दी गई, जिसके निर्देश पर संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया।कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक इमदाद अंसारी, बरकट्ठा थाना प्रभारी आशिष कुमार भगत, पुलिस अवर निरीक्षक देवदत्त कुमार सिंह, खालिद इकबाल और अन्य पुलिस बल शामिल थे। टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई।जांच के दौरान ट्रक से इंपीरियल ब्लू ब्रांड की कुल 935 पेटियां अंग्रेजी शराब जब्त की गई। इनमें 450 पेटियों में 180 एमएल की 48 बोतलें थीं, जिनमें कुल 21,600 बोतल, जिसकी कुल मात्रा 3,888 लीटर रही। वहीं 485 पेटियों में 375 एमएल की 24-24 बोतलें बरामद हुईं, जिसमें कुल 11,640 बोतल, जिनकी कुल मात्रा 4,365 लीटर थी। इस प्रकार ट्रक से हजारों बोतलों में भारी मात्रा में शराब बरामद की गई। कुल बरामदगी 8,253 लीटर हुई।पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच की जा रही है।