चौपारण में भाजपा, कांग्रेस व जेएमएम के बूथ एजेंटों का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग): लोकतंत्र के सबसे मजबूत आधार मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के लिए चौपारण प्रखंड प्रशासन ने विशेष पहल की है। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देश तथा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी के पत्रांक 133 एवं 134, दिनांक 20 जून 2026 के आलोक में 24-25 जून को प्रखंड सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) का दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में भाजपा, कांग्रेस एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों ने भाग लिया। बीएलए-1 रमेश ठाकुर की उपस्थिति में पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया के तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। एजेंटों को मतदाता सूची पुनरीक्षण के प्रत्येक चरण, नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने, त्रुटि सुधार, दावों-आपत्तियों के निष्पादन तथा घर-घर सत्यापन प्रक्रिया की बारीकियां समझाई गईं अधिकारियों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान से वंचित न रहे और अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची में शामिल न हों। बीएलए की भूमिका इसमें अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे राजनीतिक दलों और निर्वाचन तंत्र के बीच समन्वय कर जमीनी स्तर पर मतदाता सत्यापन का कार्य करते हैं। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह बीडीओ ने कहा, "लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष एवं शुद्ध मतदाता सूची पर निर्भर है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में बूथ लेवल एजेंटों की भूमिका अहम है। सभी बीएलए अपने बूथ क्षेत्रों में सक्रिय रहकर वास्तविक स्थिति का सत्यापन करें और पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने तथा त्रुटियों को दूर करने में प्रशासन का सहयोग करें।" उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना समाप्त हो। इसके लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। बीडीओ ने सभी बीएलए से निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ दायित्व निर्वहन की अपील की। प्रशिक्षण के दौरान एजेंटों के सवालों के जवाब दिए गए और आयोग के नवीन दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने भरोसा जताया कि प्रशिक्षण के बाद सभी बीएलए अपने क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से कार्य कर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाएंगे। कार्यक्रम के समापन पर निर्वाचन अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों से आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
0 Comments