चतरा : चतरा जिले में मौसम के बदले मिजाज ने गुरुवार को एक मजदूर परिवार से उसका सहारा छीन लिया। तेज आंधी, गर्जन और मूसलाधार बारिश के बीच हुए वज्रपात की चपेट में आने से इको पार्क में कार्यरत एक महिला मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से मृतका के घर में कोहराम मचा हुआ है। यह हृदयविदारक हादसा सदर थाना क्षेत्र स्थित डीसी ऑफिस के पीछे बने इको पार्क में हुआ। मृतका की पहचान बेरियों गांव निवासी गीता देवी (पति- प्रभु गंझू) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गीता देवी अपने पति के साथ बालूमाथ के ठेकेदार प्रदीप यादव के अधीन इको पार्क में मजदूरी का कार्य कर रही थीं।
इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ा और तेज गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरी। वज्रपात की सीधी चपेट में आने से गीता देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन गीता देवी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद से पति प्रभु गंझू का रो-रोकर बुरा हाल है। बिलखते हुए प्रभु गंझू ने जिला प्रशासन से आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मिलने वाली अनुग्रह राशि अविलंब स्वीकृत करने की गुहार लगाई है, ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके।गौरतलब है कि झारखंड में हर साल वज्रपात से सैकड़ों लोगों की जान जाती है। ऐसे में खुले में काम करने वाले मजदूर सबसे अधिक जोखिम में रहते हैं।

0 Comments