Hot Posts

6/recent/ticker-posts

रसोईया धमना में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार: 697 किलो अवैध डोडा जब्त


मुर्गी फार्म के पास बने कमरे से 47 बोरा मादक पदार्थ बरामद

कृष्णा कुमार कुशवाहा 

बरही (हजारीबाग) : नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बरही पुलिस को मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात बड़ी कामयाबी मिली है। थाना क्षेत्र के रसोईया धमना गांव में पुलिस ने मुर्गी फार्म के पास बने एक बंद कमरे से 697 किलोग्राम अवैध डोडा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही के नेतृत्व में विशेष दल का गठन किया गया। 1 जुलाई 2026 को दल ने रसोईया धमना स्थित बंगाली साव उर्फ दुखन साव पिता गंगो साव के मुर्गी फार्म के पास बने कमरे में छापेमारी की। कमरे का ताला तोड़कर तलाशी लेने पर अंदर प्लास्टिक के 47 बोरों में भारी मात्रा में डोडा छिपाकर रखा गया था। मौके पर ही इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराया गया, जिसमें कुल वजन 697 किलोग्राम निकला। पुलिस का मानना है कि इसे अवैध कारोबार के लिए भंडारित किया गया था और आसपास के जिलों में खपाने की तैयारी थी।  


दो तस्करों पर नामजद मामला दर्ज  
पुलिस ने इस मामले में बंगाली साव एवं सुनील राणा, दोनों रसोईया धमना थाना बरही निवासी, के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि बरामद डोडा को विधिवत जब्त कर लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही, थाना प्रभारी विनोद कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुमीत साव, कपूरथला थाना के सहायक अवर निरीक्षक सुशील कुमार सहित बरही थाना के सशस्त्र बल एवं चालक शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments