कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण : राष्ट्रीय राजमार्ग-2 स्थित दनुआ घाटी में रविवार रात करीब 9:00 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में वाहन चालक 37 वर्षीय मुन्ना लाल की मौत हो गई। हादसे के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के दौरान आपदा मित्र एम्बुलेंस चालक शक्ति चंद्रवंशी ने एक बार फिर अपनी तत्परता और साहस का परिचय दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही वे तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल चालक को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया, लेकिन विषम परिस्थितियों में उनकी त्वरित कार्रवाई और मानवता की भावना की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
दनुआ घाटी में होने वाली दुर्घटनाओं के दौरान शक्ति चंद्रवंशी लगातार राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उत्तर प्रदेश के सीतापुर भेज दिया गया। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है। दनुआ घाटी में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था, तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और दुर्घटना रोकने के स्थायी उपायों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक के निधन से परिजनों में शोक की लहर है।

0 Comments