चौपारण (हजारीबाग) : आगामी निर्वाचन को देखते हुए मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत बच्छई पंचायत में जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। अभियान के तहत पंचायत के मुखिया बिरेन्द्र रजक ने स्वयं एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर संबंधित बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) को सौंपा। साथ ही आम लोगों से भी इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। मुखिया बिरेन्द्र रजक ने कहा कि "लोकतंत्र की मजबूती सही और अद्यतन मतदाता सूची पर ही निर्भर करती है।"
उन्होंने पंचायत के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं। ऐसे में सभी लोग प्रपत्र में सही जानकारी भरकर उस पर हस्ताक्षर करें और समय पर बीएलओ को वापस सौंप दें, ताकि पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सके। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र मतदाताओं का सही विवरण दर्ज करना तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और निर्वाचन आयोग के इस अभियान में पूर्ण सहयोग करने की भी अपील की। मुखिया ने कहा कि "पंचायत के प्रत्येक मतदाता की भागीदारी इस अभियान की सफलता के लिए आवश्यक है।" उन्होंने सभी से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।

0 Comments