गिद्धौर (चतरा) : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मंगलवार से प्रखंड क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के दौरान मतदाताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।अभियान के दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों ने मतदाताओं को संकल्प दिलाया कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने अथवा आवश्यक संशोधन कराने से वंचित न रहे। इसके लिए सभी लोगों से समय पर निर्धारित प्रपत्र भरकर जमा करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण गतिविधियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रत्येक मतदाता अपने फॉर्म भरने अथवा जमा करने के दौरान सेल्फी लेकर उसे अपने सोशल मीडिया हैंडल,एक्स (ट्विटर), फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप एवं व्हाट्सएप स्टेटस पर साझा करें। साथ ही पोस्ट में (झारखंड एसआईआर) हैशटैग का उपयोग कर अन्य लोगों को भी इस अभियान से जुड़ने और जागरूक होने के लिए प्रेरित करें। इधर, मंगलवार से संबंधित मतदान केंद्रों के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर पहुंचकर मतदाताओं के बीच एसआईआर से संबंधित प्रपत्रों का वितरण भी शुरू कर दिया है।
इस दौरान मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ दो-दो रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो तैयार रखने की सलाह दी गई, ताकि आवेदन प्रक्रिया सरल एवं समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।अधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटिरहित होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसलिए सभी पात्र मतदाता समय पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर इस अभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।मौके पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी राहुल देव, बीएलओ, बीएलए, पर्यवेक्षक, सुपरवाइजर सहित अन्य निर्वाचन कर्मी उपस्थित थे।

0 Comments