एंजेला निकोलाऊ और इवान कुजनेत्सोव के एम्पायर स्टेट बिल्डिंग से जो वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें दोनों एक बैनर लहराते दिख रहे हैं। इस पर लिखा है, 'जब प्यार की ताकत, ताकत के प्यार पर हावी हो जाती है, तो दुनिया शांति का अनुभव करती है।' दोनों ने इमारत के ऊपर से अपने प्यार का इजहार किया।
1454 फीट की ऊंचाई पर सगाई
न्यूयॉर्क शहर की एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की जिस जगह पर रूसी कपल ने सगाई की है, उसकी ऊंचाई 1454 फीट (443 मीटर) है। इस ऊंचाई पर उन्होंने एक-दूसरे को किस किया और नीचे उतरने से पहले कम से कम 10 मिनट तक बिल्डिंग की चोटी पर रहे। दोनों का इमारत की बिल्डिंग से वीडियो और तस्वीरें दुनियाभर में वायरल हो रहे हैं।
यह जोड़ा एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के ट्रांसमिशन टॉवर की सबसे ऊंची जगह तक पहुंचने में कामयाब रहा, जो स्थानीय स्टेशनों को रेडियो और टेलीविजन सिग्नल भेजता है। टॉवर चालू होने के समय इस पर चढ़ना खतरनाक हो सकता है। इनके रेडियो तरंगों के संपर्क में आने का खतरा था, इसलिए इनके दिखने पर एम्पायर स्टेट बिल्डिंग ने एंटीना को बंद कर दिया था।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
इमारत से नीचे उतरने पर इस जोड़े को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने रूसी कपल को सेंधमारी, लापरवाही से दूसरों की जान जोखिम में डालने, आपराधिक शरारत, स्थानीय कानूनों का उल्लंघन, सेंधमारी के औजार रखने, आपराधिक छेड़छाड़, आपराधिक घुसपैठ और अव्यवस्थित आचरण के लिए पकड़ा है।
अमेरिकी मीडिया के मुताबिक, कपल का इस तरह के 'स्टंट' करने का यह पहला मामला नहीं है। दोनों का इस तरह की हरकतें करने का पुराना इतिहास है। वे बिना रस्सी या सुरक्षा उपकरणों के ऊंची इमारतों पर चढ़ते रहे हैं। इससे पहले वे मलेशिया के 2,227 फीट ऊंचे मर्डेका 118 टॉवर पर चढ़ने पर बनी एक डॉक्यूमेंट्री में दिखाई दिए थे।

0 Comments