खुले मालवाहक वाहन में ठूंसकर ले जाए जा रहे बच्चे, जरा-सी चूक बन सकती है बड़े हादसे की वजह
चौपारण : चौपारण में एक निजी विद्यालय द्वारा स्कूली बच्चों के आवागमन के लिए अपनाई जा रही व्यवस्था गंभीर सवाल खड़े कर रही है। सामने आई तस्वीर में स्पष्ट देखा जा सकता है कि कई स्कूली बच्चों को एक खुले मालवाहक तीनपहिया वाहन (लोडिंग ऑटो) में बैठाकर ले जाया जा रहा है। वाहन में बच्चों की सुरक्षा के कोई पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे हर पल दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
तस्वीर में बच्चे वाहन के पिछले हिस्से में बिना किसी सुरक्षित सीट या सुरक्षा बेल्ट के बैठे दिखाई दे रहे हैं। यदि अचानक ब्रेक लग जाए, वाहन असंतुलित हो जाए या किसी अन्य वाहन से टक्कर हो जाए, तो बच्चों के गंभीर रूप से घायल होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
विशेषज्ञों के अनुसार स्कूली बच्चों के परिवहन के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है। मालवाहक वाहनों का उपयोग बच्चों को ढोने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। इसके बावजूद कई निजी विद्यालय परिवहन पर खर्च बचाने के लिए ऐसे वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो बच्चों की जान को जोखिम में डालता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और परिवहन विभाग को ऐसे मामलों पर तत्काल संज्ञान लेकर जांच करनी चाहिए। यदि विद्यालय द्वारा नियमों की अनदेखी की जा रही है तो संबंधित प्रबंधन के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

0 Comments