एसडीओ जोहन टुडू ने किया निरीक्षण, बीएलओ को दिए कड़े निर्देश, पंचायत भवन की सफाई पर की सराहना
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग) : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत सोमवार को प्रखंड की बच्छई और चौपारण पंचायत में सुनवाई एवं सत्यापन कैंप का आयोजन किया गया।बच्छई पंचायत भवन में आयोजित कैंप का अनुमंडल पदाधिकारी जोहन टुडू ने निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद बीएलओ और कर्मचारियों से पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि मतदाताओं से प्राप्त दावे-आपत्तियों का सत्यापन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए।एसडीओ ने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ा जाए और त्रुटियों का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान उन्होंने पंचायत भवन की साफ-सफाई और रखरखाव का भी जायजा लिया। बेहतर व्यवस्था देखकर उन्होंने मुखिया बीरेंद्र रजक और पंचायत कर्मियों की सराहना की।वहीं, चौपारण पंचायत भवन में लगे कैंप में अंचलाधिकारी संजय यादव स्वयं मौजूद रहकर पुनरीक्षण कार्य की निगरानी करते रहे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित कर्मियों को नियमानुसार जांच करने का निर्देश दिया।अधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।

0 Comments