Hot Posts

6/recent/ticker-posts

बारिश से किसानों के खिले चेहरे, रोपनी कार्य ने पकड़ी रफ्तार


चौपारण/हजारीबाग : लंबे इंतजार के बाद क्षेत्र में हुई अच्छी बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त नमी आने से धान की रोपनी का कार्य तेज हो गया है। प्रखंड के विभिन्न गांवों में किसान सुबह से ही खेतों में उतरकर युद्धस्तर पर रोपनी कार्य में जुटे हुए हैं। बारिश ने किसानों की सबसे बड़ी चिंता को कुछ हद तक दूर कर दिया है। जिन खेतों में पानी और नमी की कमी के कारण रोपनी का कार्य प्रभावित हो रहा था, वहां अब तेजी से धान की रोपनी शुरू हो गई है। खेतों में ट्रैक्टर से जुताई, खेतों की तैयारी और धान के बिचड़े उखाड़कर रोपने का काम लगातार जारी है।खेतों में बढ़ी चहल-पहलः बारिश के बाद गांवों का कृषि क्षेत्र एक बार फिर गुलजार नजर आने लगा है। किसान परिवार के सदस्य आपसी सहयोग से रोपनी कार्य में जुटे हुए हैं। कई स्थानों पर मजदूरों की मदद से भी धान की रोपनी कराई जा रही है। सुबह से लेकर देर शाम तक खेतों में किसानों की गतिविधियां और तेज दिखाई दे रही हैं। किसानों का कहना है कि समय पर पर्याप्त बारिश होने से धान की खेती को काफी फायदा होगा। बारिश से खेतों में नमी बनी है और रोपनी के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार हुई हैं। हालांकि किसान आगे भी समय-समय पर अच्छी बारिश होने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

बारिश ने दी बड़ी राहतः मानसून की बारिश खेती के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। बारिश होने से धान की खेती के लिए पानी की उपलब्धता बढ़ी है और किसानों को सिंचाई पर होने वाले अतिरिक्त खर्च से भी राहत मिलने की उम्मीद है। क्षेत्र के कई किसान अब रोपनी का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने में जुटे हैं। किसानों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह अनुकूल रहा और आने वाले दिनों में पर्याप्त बारिश होती रही तो धान की फसल अच्छी होने की उम्मीद है। इससे किसानों की मेहनत का बेहतर परिणाम मिलने की संभावना बढ़ेगी।कृषि विभाग से किसानों को उम्मीदः किसानों ने कृषि विभाग से भी खेती से जुड़ी आवश्यक जानकारी, गुणवत्तापूर्ण बीज, खाद एवं अन्य कृषि संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि समय पर कृषि संबंधी सुविधाएं मिलने से उत्पादन बेहतर किया जा सकता है। फिलहाल बारिश के बाद खेतों में बढ़ी रौनक ने किसानों में नई उम्मीद जाग गई है। धान की रोपनी के तेज होते कार्य से गांवों में कृषि गतिविधियां बढ़ गई हैं और किसान अच्छी पैदावार की उम्मीद के साथ पूरे उत्साह से खेतों में पसीना बहा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments