संवेदनशील पुलिसिंग की मिसाल, कहा - कानून व्यवस्था के साथ जनसमस्याओं का समाधान भी हमारी जिम्मेदारी
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण। बरही के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डीएसपी राधा प्रेम किशोर की संवेदनशील कार्यशैली इन दिनों पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। डीएसपी ने आम लोगों के बीच पहुंचकर जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
जानकारी के अनुसार डीएसपी राधा प्रेम किशोर चौपारण थाना के एसआई दिव्य प्रकाश के साथ ग्राम कसियाडीह पहुंचे थे। वहां ग्रामीणों ने बैठने के लिए कुर्सी की व्यवस्था की ही थी कि डीएसपी ने कहा - "रहने दो कुर्सी, हम जमीन पर बैठकर बात कर लेते हैं।"
यह सुनकर गांव के लोग भी आश्चर्य में पड़ गए।
पद नहीं, दिल से होती है पहचान
डीएसपी श्री किशोर ने अपने व्यवहार से साबित किया कि किसी अधिकारी की पहचान केवल उसके पद या कुर्सी से नहीं होती, बल्कि उसके बड़े दिल, संवेदनशील सोच और जनसेवा के प्रति समर्पण से होती है।
डीएसपी ने कहा कि "पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं को समझकर उनका समय पर समाधान करना भी है।" उन्होंने लोगों से निर्भीक होकर शिकायतें रखने की अपील की और हर शिकायत पर निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों ने की सराहना
डीएसपी का यह सहज और जनसरोकार वाला व्यवहार लोगों को काफी पसंद आया। स्थानीय लोगों ने कहा कि किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का इस तरह आमजन के बीच बैठकर बात सुनना सराहनीय पहल है। इससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास और संवाद दोनों मजबूत होगा।
उल्लेखनीय है कि डीएसपी राधा प्रेम किशोर को बरही में योगदान दिए लगभग 2 माह हुए हैं। इतने कम समय में ही वे अपनी कार्यशैली से आम लोगों के बीच चर्चित हो गए हैं।

0 Comments