नया ट्रांसफार्मर मिलते ही ग्रामीणों ने जताया आभार
कृष्णा कुमार कुशवाहा
बड़कागांव : बादम क्षेत्र के बनिया मोहल्ला, हरिजन मोहल्ला, पासवान टोला और सुभाष चौक के ग्रामीण पिछले करीब 20 दिनों से बिजली संकट से परेशान थे। लंबी अवधि से ट्रांसफार्मर खराब रहने के कारण इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित थी, जिससे ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। घरेलू कार्यों के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी काम भी प्रभावित हो रहे थे।ग्रामीणों की समस्या की जानकारी मिलने के बाद बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग एवं अधिकारियों से संपर्क कर समस्या के समाधान के लिए प्रयास किया।
200 KVA क्षमता का नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध:
अंबा प्रसाद के अथक प्रयास से क्षेत्र के लिए 200 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया। ट्रांसफार्मर पर पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का पोस्टर भी लगाया गया है, जिसमें उनके प्रयास को सराहा गया है।ट्रांसफार्मर उपलब्ध होने के बाद ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से बिजली नहीं रहने के कारण जीवन अस्त-व्यस्त हो गया था।ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने के लिए पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के प्रति आभार जताया और कहा कि उनकी पहल से लंबे समय से चली आ रही बिजली की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर स्थापित कर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग भी की है।
0 Comments