कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग) : पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग द्वारा बुधवार को चौपारण थाना का निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना परिसर, मालखाना, हाजत और जब्त वाहनों का अवलोकन किया गया। थाना में लगे अपराध मानचित्र की समीक्षा कर क्षेत्र में अपराध की रोकथाम की रणनीति पर चर्चा की गई।
लंबित मामलों और वारंट की समीक्षा:
निरीक्षण के दौरान लंबित कांडों, वारंट, कुर्की और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। अभिलेखों के संधारण और नियमित रूप से अद्यतन करने पर बल दिया गया।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाने में आने वाले असहाय, वृद्ध, निराश्रित और महिला फरियादियों की समस्याओं का त्वरित और सम्मानजनक निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। आम लोगों के साथ पुलिस का व्यवहार मर्यादित और सहयोगात्मक होना चाहिए।
नशा और अवैध खनन पर सख्ती:
अवैध मादक पदार्थों के मामलों में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही अवैध कोयला, बालू एवं पत्थर के परिवहन को रोकने के लिए नियमित पेट्रोलिंग और रात्रि गश्ती बढ़ाने का आदेश दिया गया।निरीक्षण के अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल निरीक्षक, चौपारण थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
0 Comments