हजारीबाग : कटकमदाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र के कूद गांव में हुई चोरी की घटना का हजारीबाग पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी गए लैपटॉप और दो स्मार्टफोन के साथ एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कटकमदाग थाना क्षेत्र के कस्तूरीखाप गदोखर निवासी गौरीशंकर प्रसाद दांगी के घर से 22 सितंबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने पढ़ाई में इस्तेमाल होने वाला एक लैपटॉप और दो मोबाइल चोरी कर लिए थे। वादी के आवेदन पर कटकमदाग थाना में कांड संख्या 179/26 दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के आदेशानुसार पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ज्ञान रंजन के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। मानवीय सूचना एवं तकनीकी साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अली राजा उर्फ बबलू, पिता स्व. सरफराज अंसारी को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर एचपी कंपनी का एक लैपटॉप, एक इंफिनिक्स और एक ओप्पो स्मार्टफोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी अली राजा का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सदर थाना और लोहसिंघना थाना में चोरी व अन्य मामलों के कई कांड दर्ज हैं।

0 Comments