Hot Posts

6/recent/ticker-posts

तीन दिन से लापता व्यक्ति का बराकर डैम में मिला शव, क्षेत्र में शोक

कृष्णा कुमार कुशवाहा 

चौपारण (हजारीबाग) : चौपारण थाना क्षेत्र के बराकर डैम से बुधवार को एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान बरही के उज्जैना, तिलैया रोड निवासी सुरेंद्र पांडेय (46), पिता स्व. ठाकुर पांडेय के रूप में की गई है। वह विगत तीन दिनों से घर से लापता थे। जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र पांडेय 22 सितंबर की शाम लगभग छह बजे से लापता थे। परिजनों ने उनकी खोजबीन के साथ-साथ सोशल मीडिया के माध्यम से भी उनके लापता होने की सूचना प्रसारित की थी। बताया जाता है कि उनकी चप्पल जवाहर पुल के समीप मिली थी। आशंका व्यक्त की जा रही है कि जवाहर डैम में डूबने के पश्चात पानी के तेज बहाव में बहकर उनका शव चौपारण थाना क्षेत्र स्थित बराकर डैम तक पहुंच गया।बराकर डैम में शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना चौपारण थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और आपदा मित्र एंबुलेंस की सहायता से शव को जल से बाहर निकलवाकर विधिवत कागजी प्रक्रिया पूर्ण की। तत्पश्चात शव को पोस्टमार्टम हेतु बरही भेजा गया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, उनका रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।

Post a Comment

0 Comments