Hot Posts

6/recent/ticker-posts

रक्तदान शिविर के आयोजन पर युवा प्रेस क्लब सम्मानित



सामाजिक सरोकार में बढ़ चढ़कर योगदान के लिए बीडीओ, सीओ एवं प्रमुख ने क्लब के पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित


चौपारण (हजारीबाग): रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने एवं सामाजिक सेवा में योगदान देने के लिए युवा प्रेस क्लब चौपारण के पत्रकारों को सम्मानित किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश भास्कर, अंचलाधिकारी संजय यादव एवं प्रखंड प्रमुख पूर्णिमा देवी ने क्लब के संरक्षक मुकुंद साव, राजेश सहाय, अध्यक्ष मुकेश सिंह, सचिव मनीष सिन्हा एवं शेखर पांडेय को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर बीडीओ नितेश भास्कर ने कहा कि युवा प्रेस क्लब लगातार सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेता रहा है। रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना बेहद सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना क्लब की सकारात्मक सोच को दर्शाता है। ऐसे प्रयासों से समाज में जागरूकता और सेवा की भावना मजबूत होती है।सीओ संजय यादव एवं प्रमुख पूर्णिमा देवी ने भी युवा प्रेस क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। सामाजिक कार्यों में युवाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी समाज को मजबूत बनाती है।

युवा प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेश सिंह ने सम्मान के लिए प्रखंड प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि युवा प्रेस क्लब की पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का सम्मान है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के माध्यम से जनसमस्याओं को सामने लाने के साथ समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। इसी उद्देश्य से क्लब समय समय पर रक्तदान शिविर, जागरूकता अभियान एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करता रहा है। भविष्य में भी जरूरतमंदों की मदद और जनहित से जुड़े कार्यों में युवा प्रेस क्लब पूरी मजबूती के साथ अपनी भूमिका निभाएगा।

अध्यक्ष ने कहा कि रक्तदान को लेकर अभी भी समाज में कई तरह की भ्रांतियां हैं। लोगों को जागरूक कर इन भ्रांतियों को दूर करने की जरूरत है। स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए अनमोल जीवनदान बन सकता है। उन्होंने युवाओं एवं आम लोगों से आगे बढ़कर रक्तदान करने और सामाजिक सेवा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

सम्मानित क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि प्रशस्ति पत्र मिलने से पूरी टीम का उत्साह बढ़ा है। क्लब आगे भी सामाजिक सरोकार एवं जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए समाज के लिए सकारात्मक पहल करता रहेगा।

Post a Comment

0 Comments