चोरी की 4 बाइक समेत कई सामान बरामद, गिरोह को छिपाने और मेंटेनेंस में करते थे मदद
चौपारण/हजारीबाग: कुख्यात कोढ़ा गिरोह के खिलाफ हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कोढ़ा गिरोह के चौपारण कनेक्शन का खुलासा करते हुए मरहेड़ी गांव के तीन सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरशद खान, अजहर खान और अफसर खान के रूप में हुई है।
कैसे हुआ खुलासा? पुलिस सूत्रों के अनुसार कोढ़ा गिरोह लंबे समय से हजारीबाग, चतरा और बिहार बॉर्डर पर बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। चोरी के बाद बाइक को ठिकाने लगाने के लिए गिरोह चौपारण बस स्टैंड के पास चल रहे एक गैरेज का इस्तेमाल कर रहा था।जांच में सामने आया कि मरहेड़ी निवासी तीनों आरोपी बस स्टैंड के पास गैरेज चलाते हैं। इसी गैरेज की आड़ में वे चोरी की बाइकों का नंबर प्लेट बदलना, रंग-रोगन करना, इंजन-चेचिस नंबर मिटाना और बाइक को छिपाकर रखने का काम करते थे। इसके बाद इन बाइकों को कम दाम में आगे बेच दिया जाता था।
छापेमारी में क्या मिला? गुप्त सूचना के आधार पर चौपारण पुलिस और हजारीबाग की स्पेशल टीम ने संयुक्त रूप से गैरेज पर छापा मारा। मौके से -
- 4 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
- बाइक के कई पार्ट्स, फर्जी नंबर प्लेट
- औजार और अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस का बयान पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने कोढ़ा गिरोह से जुड़े होने की बात स्वीकार की है। ये लोग पिछले कई महीनों से गिरोह के लिए लोकल सपोर्टर के रूप में काम कर रहे थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। इस गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में कई बाइक चोरी की घटनाओं के खुलासे की उम्मीद है।

0 Comments