बाइक चोरी के मामले में पूछताछ जारी, अन्य चोरी की घटनाओं से भी जुड़ सकते हैं तार - थाना प्रभारी
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण, हजारीबाग : प्रखंड के सेलहारा क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। ग्रामीणों ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर तीन युवकों को पकड़कर चौपारण पुलिस के हवाले कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेलहारा और आसपास के गांवों में पिछले कुछ दिनों से बाइक चोरी और घरों में चोरी की घटनाएं बढ़ गई थीं। इससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल था। ग्रामीण खुद ही रात में पहरा दे रहे थे। इसी क्रम में आज तीन युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर ग्रामीणों ने उन्हें घेर कर पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।पकड़े गए युवकों में दो युवक छोटका सेलहारा के तथा एक युवक बरसोत कोरियाडीह का बताया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि उनके पास से कुछ सामान भी मिला है, हालांकि बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी। इस संबंध में चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि "फिलहाल बाइक चोरी को लेकर एक मामला संज्ञान में आया है। तीनों संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि इनका संबंध क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से है या नहीं। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।" इधर, तीनों युवकों के पकड़े जाने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लग सकते हैं।

0 Comments