Hot Posts

6/recent/ticker-posts

चौपारण में बड़ा हादसा टला: रामपुर उपस्वास्थ्य केंद्र में क्लस्टर मीटिंग के दौरान भरभराकर गिरी छत, जर्जर भवन पर उठे सवाल


कृष्णा कुमार कुशवाहा 

चौपारण, हजारीबाग : प्रखण्ड के रामपुर उपस्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को क्लस्टर मीटिंग के दौरान अचानक छत का सीमेंट भरभराकर नीचे गिर गया। घटना के समय स्वास्थ्य सहिया सहित कई स्वास्थ्यकर्मी केंद्र में मौजूद थे। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया।स्थानीय लोगों के अनुसार उपस्वास्थ्य केंद्र का भवन काफी जर्जर हो चुका है। भवन की छत की स्थिति भी खराब है। ओपीडी कक्ष और प्रसव कक्ष में मरीजों के साथ गर्भवती महिलाओं और बच्चों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में भवन की जर्जर स्थिति को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है। घटना के बाद स्वास्थ्य केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने जर्जर भवन की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। चौपारण सामुदायिक अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. रजनीकांत कुमार ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पूर्व ही प्रभार लिया है। 

अभी रामपुर उपस्वास्थ्य केंद्र का वित्तीय प्रभार नहीं लिया है और वहां स्वयं भी नहीं जा पाए हैं। केंद्र के भवन के जर्जर होने की सूचना उन्हें मिली है और मामला संज्ञान में है। सोमवार को वे उपस्वास्थ्य केंद्र रामपुर का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद ही स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जा सकेगी। उन्होंने बताया कि 9 सितंबर को उपायुक्त के साथ बैठक निर्धारित है। बैठक में रामपुर में नए सामुदायिक भवन की मांग को लेकर उपायुक्त महोदय का ध्यान आकृष्ट कराने का प्रयास किया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में रोजाना मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की आवाजाही होती है। ऐसे में भवन की स्थिति को देखते हुए जल्द सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है।

Post a Comment

0 Comments