
गिरिडीह विधायक सोनू को आधी रात सीने में उठा था दर्द, मर्सी अस्पताल में ली अंतिम सांस; एक दिन पहले ही शिक्षक दिवस समारोह में हुए थे शामिल
कृष्ण कुमार कुशवाहा
रांची/गिरिडीह : झारखंड की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी और हृदय विदारक खबर सामने आ रही है। हेमंत सोरेन सरकार के सबसे कद्दावर मंत्रियों में से एक और गिरिडीह के विधायक सुदिव्य कुमार सोनू (56 वर्ष) का शनिवार-रविवार की दरमियानी रात हार्ट अटैक से निधन हो गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बेहद करीबी माने जाने वाले सोनू के पास नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य जैसे 6 अहम विभाग थे। उनके यूं अचानक चले जाने से पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है।

कैसे हुई घटना - पत्नी की बात नहीं मानी तो हो गया अनर्थ मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 12 बजे हरसिंगरायडीह स्थित अपने आवास पर सोनू के सीने में तेज दर्द उठा। उनकी पत्नी ने तुरंत डॉक्टर के पास चलने को कहा, लेकिन उन्होंने इसे गैस की समस्या बताकर टाल दिया। रात करीब 2 बजे दर्द असहनीय हो गया। आनन-फानन में उन्हें गिरिडीह के मर्सी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने लाख कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। उन्होंने तड़के 2:10 बजे अंतिम सांस ली। एक दिन पहले तक थे पूरी तरह सक्रिय हैरानी की बात है कि निधन से ठीक एक दिन पहले 5 सितंबर को वे शिक्षक दिवस के कार्यक्रमों में पूरी तरह सक्रिय थे। गिरिडीह में एक स्कूल के शताब्दी समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने शिरकत भी की थी।

सरकार का बड़ा फैसला : दो दिन राजकीय शोक, सोमवार को छुट्टी मंत्री के सम्मान में झारखंड सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। कार्मिक विभाग द्वारा जारी अधिसूचना संख्या-10/सा०अव०-03-05/2026 का.-5660, दिनांक-06.09.2026 के अनुसार, दिनांक 06.09.2026 और 07.09.2026 को दो दिवसीय राजकीय शोक मनाया जाएगा। 07.09.2026 (सोमवार) को राज्य सरकार के अधीन सभी कार्यालय बंद रहेंगे। उनकी अंत्येष्टि आज दोपहर 3 बजे गिरिडीह के उसरी नदी स्थित हरसिंहरायडीह श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ की जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा - "सोनू भैया का जाना मेरे जीवन में ऐसी रिक्तता छोड़ गया जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।"
0 Comments