
हेमंत सरकार में आपातकालीन स्थिति में अगर कोई कॉल करना चाहे तो नंबर नहीं लगेगा। कुछ ऐसा ही बुधवार की देर शाम हुआ, जब रांची में पानी की टंकी गिर गई। इससे दो लोगों की मौत हो गई। वहीं घटनास्थल पर अधूरे नंबर के लगे बोर्ड ने सबका ध्यान खींचा।
रांची: रांची के जिला स्कूल परिसर में कोतवाली थाना के पीछे जर्जर पानी की टंकी को तोड़ने के दौरान हादसा हो गया। टंकी भरभराकर गिर गई। इस हादसे में मलबे के नीचे दबने से दो श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में सत्या भुइयां (25 वर्ष) और मैथली शरण महतो (42 वर्ष) शामिल हैं।दोनों श्रमिक पलामू जिले के पड़वा मोड़ के पास के निवासी हैं। हादसे के बाद घटना स्थल पर लगे इमरजेंसी बोर्ड पर सभी नजरें पड़ी तो देखा बोर्ड पर मोबाइल नंबर के केवल शुरुआती 4 डिजिट लिखे हुए हैं। बाकी नंबर पर क्रॉस का निशान लगा हुआ है। इससे हेमंत सरकार की आपात व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
इमरजेंसी कॉन्टेक्ट बोर्ड पर अधूरे नंबर
घटनास्थल पर इमरजेंसी कॉन्टेक्ट डिटेल्स का बोर्ड लगा है। जिस पर सभी नंबर अधूरे हैं। इसमें कार्यपालक अभियंता, साइट इंजीनियर, कांट्रेक्टर रिप्रेजेंटेटिव और पुलिस स्टेशन के आधे नंबर को क्रास किया गया है। सिर्फ एंबुलेस के लिए 108 नंबर लिखा है।
सुरक्षा मानकों का नहीं किया गया पालन, दो लोगों की गई जान
मिली जानकारी के मुताबिक, पेयजल एवं स्वच्छता स्वणरेखा वितरण प्रमंडल रांची की ओर से 22 अगस्त को ही एजेंसी को सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया था। लेकिन इसका उल्लंघन किया गया और दो लोगों की जान चली गई। इधर घटना की जांच के लिए डीसी ने कमेटी बनाई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। संबंधित स्थल पर पुरानी टंकी को हटा कर नई टंकी का निर्माण कराना था। इसी सिलसिले में बुधवार को मजदूर पुरानी संरचना को ढहाने का काम कर रहे थे। मौके पर चार मजदूर काम कर रहे थे। इसी बीच जर्जर पानी की टंकी का मुख्य ढांचा नीचे आ गिरा। मौके पर राहत बचाव टीम पहुंची और मलबे से दोनों के शव निकाल लिए। दोनों के शवों को रांची रिम्स में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
0 Comments