Hot Posts

6/recent/ticker-posts

चतरा में जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची टीम के सामने महिला ने पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग


चतरा : शहर के केशरी चौक स्थित गौरक्षणी के सामने बुधवार को जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची प्रशासनिक टीम के समक्ष उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। महिला को बचाने के प्रयास में उसका पुत्र धीरज कुमार और पुलिस के एसएसआई प्रवीण कुमार भी हल्का झुलस गए। घटना के बाद पुलिस ने आनन-फानन में झुलसी महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। महिला रीना देवी (पति स्व. नरेश प्रसाद केसरी) का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, पुत्र धीरज कुमार और एसएसआई प्रवीण कुमार का भी उपचार कराया जा रहा है। सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अन्ना अंजुम ने बताया कि महिला गंभीर रूप से झुलसी है। 

इसका इलाज किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स के बर्न वार्ड रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही सदर अस्पताल में भी लोगों की भीड़ जुट गई। घटनास्थल पर एसडीपीओ समेत सन्नी वर्ण, थाना प्रभारी अनिल उरांव समेत कई पदाधिकारी पहुंचे हुए हैं। जमीन खाली कराने को लेकर परिजनों ने जताया विरोध। घटना के बाद महिला के परिजनों ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए। परिजनों का आरोप है कि उनका परिवार करीब 100 वर्षों से उक्त स्थान पर रह रहा है। इसके बावजूद बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक घर खाली कराने के लिए टीम पहुंच गई। 

परिजनों ने मारवाड़ी मुहल्ला निवासी प्रदीप स्वामी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि फर्जी तरीके से कागजात तैयार कर जमीन हड़पने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। घटनास्थल से सदर अस्पताल तक अफरा-तफरी। महिला के खुद को आग लगाने की घटना के बाद केशरी चौक के आसपास अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। वहीं, सदर अस्पताल में भी झुलसी लोगों को देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही।

पेट्रोल लेकर पहुंचा था युवक, माचिस जलाने के बाद लगी आग :

 एसएसआई महिला को बचाने वाले एसएसआई प्रवीण कुमार ने बताया कि वे सीओ और अन्य पदाधिकारियों के साथ जमीन पर दखल-दहानी कराने पहुंचे थे। इस दौरान पहले से रह रहे घर के लोगों समेत अन्य लोगों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। एसएसआई के अनुसार, इसी दौरान करण कुमार नामक एक युवक डब्बे में पेट्रोल लेकर मौके पर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों पर पेट्रोल छिड़कने लगा। बचाव के दौरान किसी व्यक्ति ने माचिस जला दी, जिसके बाद महिला आग की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से झुलस गई। उन्होंने कहा कि तत्काल बचाव और उपचार की कार्रवाई से बड़ी घटना होने से टल गई। महिला की हालत गंभीर, रिम्स रेफर : डीएस सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मनीष लाल ने बताया कि आग से झुलसी महिला की स्थिति गंभीर है। 70 प्रतिशत से अधिक जली महिला को प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स के बर्न वार्ड रेफर कर दिया गया। वहीं दो अन्य झुलसे लोगों का सदर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments