योजना निर्माण में जनभागीदारी, पारदर्शिता और पंचायतों की आय बढ़ाने पर दिया गया जोर
विकास कुमार यादव
हंटरगंज (चतरा): ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) 2026-27 की तैयारी को लेकर हंटरगंज प्रखंड सभागार में 31 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में विभिन्न पंचायतों के सहजकर्ता दल को ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की विस्तृत प्रक्रिया एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई।प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि पंचायतों को स्थानीय आवश्यकताओं एवं संसाधनों के आधार पर ऐसी योजनाएं तैयार करनी हैं, जिससे पंचायतों की आय में वृद्धि हो और ग्रामीण विकास को गति मिल सके। इसके लिए पंचायत समन्वय समिति, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, महिला सभा, बाल सभा, वीपीआरपी (VPRP) तथा विभिन्न थीम आधारित योजनाओं के सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी।प्रशिक्षकों ने बताया कि पहले ग्राम सभा आयोजित कर योजनाओं का चयन किया जाएगा।
इसके बाद विशेष ग्राम सभा एवं पंचायत कार्यकारिणी की बैठक में प्रस्तावों को अंतिम रूप देकर स्वीकृत योजनाओं की प्रविष्टि ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर एमआईएस (MIS) के माध्यम से की जाएगी, ताकि योजनाओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।प्रशिक्षण के दौरान पंचायत स्तर पर गुणवत्तापूर्ण योजना निर्माण, पारदर्शिता, जनभागीदारी एवं सतत विकास की अवधारणा पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र एवं समावेशी विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है।इस दो दिन दिवसीय प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर योगेंद्र यादव, अनीता यादव, सुप्रिया कुमारी एवं सीताराम रजक ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया तथा योजना निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

0 Comments