कृष्णा कुमार कुशवाहा
लावालौंग/चतरा: लावालौंग थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 272.750 किलोग्राम डोडा बरामद किया है। डोडा को ग्राम सतीटांड़ से सरगुआ जाने वाली सड़क के किनारे सुनसान इलाके में स्थित एक मिट्टी के घर में छिपाकर रखा गया था। पुलिस को 06 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि सतीटांड़ गांव में भारी मात्रा में डोडा का भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित कर छापेमारी की गई।
15 बोरियों में मिला डोडा:
पुलिस टीम ने मिट्टी के घर की तलाशी ली तो वहां 15 बोरियों में कुल 272.750 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ को पुलिस ने विधिवत जप्त कर लिया है। छापेमारी के दौरान किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। NDPS एक्ट में केस दर्ज: इस संबंध में लावालौंग थाना कांड संख्या 67/2026, दिनांक 07 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। एनडीपीएस एक्ट की धारा 15(C), 18(B), 27 एवं 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडा वहां किसने रखा था। छापेमारी दल में लावालौंग थाना प्रभारी पु०अ०नि० चंदन कुमार, पु०अ०नि० विद्याधर प्रसाद यादव तथा सशस्त्र बल शामिल रहे।

0 Comments