ब्रेक फेल ट्रेलर ने दो कारों को मारी जोरदार टक्कर, वाहन को खाई में गिरने से पेड़ ने बचाया, दंपति घायल
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग) : धनुआ घाटी में सोमवार दोपहर एक बार फिर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। करीब दो बजे ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित ट्रेलर ने दो फोर व्हीलर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दूसरी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। पेड़ के नीचे करीब 60 से 70 फीट गहरी खाई है। गनीमत रही कि पेड़ से टकराकर कार वहीं रुक गई और उसमें सवार लोगों की जान बच गई। हादसे में क्षतिग्रस्त कार में सवार धनबाद निवासी सुनील सिंह और उनकी पत्नी घायल हो गईं। दोनों धनबाद से गया जिले के गुरुक जा रहे थे। ट्रेलर की टक्कर के बाद दोनों वाहन में फंस गए। दूसरी कार में सवार लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौपारण भेजा। दूसरी कार पटना से रांची जा रही थी, जिसमें हिंदुस्तान अखबार के पत्रकार सवार थे। ट्रेलर की टक्कर से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। पेड़ के नीचे गहरी खाई होने के कारण स्थिति बेहद खतरनाक हो गई थी। हालांकि पेड़ के सहारे कार रुक गई और बड़ा हादसा टल गया। यदि कार खाई में गिर जाती तो परिणाम गंभीर हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही चौपारण और घोड़थंबा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। हादसे में दोनों कारों को काफी नुकसान पहुंचा है। धनुआ घाटी में हुए इस हादसे ने एक बार फिर इस मार्ग की खतरनाक स्थिति को सामने ला दिया है। यहां ढलान और तेज रफ्तार के कारण भारी वाहनों के अनियंत्रित होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। सोमवार को भी एक छोटी सी चूक कई जिंदगियों पर भारी पड़ सकती थी। संयोग और सड़क किनारे मौजूद पेड़ ने कई लोगों को किसी बड़े हादसे से बचा लिया। ग्रामीणों का कहना है कि धनुआ घाटी में हादसों को रोकने के लिए केवल दुर्घटना के बाद राहत और वाहनों को हटाना पर्याप्त नहीं है। भारी वाहनों की नियमित जांच, ढलान वाले हिस्सों में सुरक्षा इंतजाम और दुर्घटना संभावित स्थानों पर प्रभावी व्यवस्था जरूरी है।

0 Comments